192

01 दोहा

गहहु घाट भट समिटि सब लेउँ मरम मिलि जाइ।
बूझि मित्र अरि मध्य गति तस तब करिहउँ आइ॥192॥

भावार्थ

अतएव हे वीरों! तुम लोग इकट्ठे होकर सब घाटों को रोक लो, मैं जाकर भरतजी से मिलकर उनका भेद लेता हूँ। उनका भाव मित्र का है या शत्रु का या उदासीन का, यह जानकर तब आकर वैसा (उसी के अनुसार) प्रबन्ध करूँगा॥192॥

02 चौपाई

विश्वास-प्रस्तुतिः

लखब सनेहु सुभायँ सुहाएँ। बैरु प्रीति नहिं दुरइँ दुराएँ॥
अस कहि भेण्ट सँजोवन लागे। कन्द मूल फल खग मृग मागे॥1॥

भावार्थ

उनके सुन्दर स्वभाव से मैं उनके स्नेह को पहचान लूँगा। वैर और प्रेम छिपाने से नहीं छिपते। ऐसा कहकर वह भेण्ट का सामान सजाने लगा। उसने कन्द, मूल, फल, पक्षी और हिरन मँगवाए॥1॥

मीन पीन पाठीन पुराने। भरि भरि भार कहारन्ह आने॥
मिलन साजु सजि मिलन सिधाए। मङ्गल मूल सगुन सुभ पाए॥2॥

भावार्थ

कहार लोग पुरानी और मोटी पहिना नामक मछलियों के भार भर-भरकर लाए। भेण्ट का सामान सजाकर मिलने के लिए चले तो मङ्गलदायक शुभ-शकुन मिले॥2॥

देखि दूरि तें कहि निज नामू। कीन्ह मुनीसहि दण्ड प्रनामू॥
जानि रामप्रिय दीन्हि असीसा। भरतहि कहेउ बुझाइ मुनीसा॥3॥

भावार्थ

निषादराज ने मुनिराज वशिष्ठजी को देखकर अपना नाम बतलाकर दूर ही से दण्डवत प्रणाम किया। मुनीश्वर वशिष्ठजी ने उसको राम का प्यारा जानकर आशीर्वाद दिया और भरतजी को समझाकर कहा (कि यह श्री रामजी का मित्र है)॥3॥

राम सखा सुनि सन्दनु त्यागा। चले उचरि उमगत अनुरागा॥
गाउँ जाति गुहँ नाउँ सुनाई। कीन्ह जोहारु माथ महि लाई॥4॥

भावार्थ

यह श्री राम का मित्र है, इतना सुनते ही भरतजी ने रथ त्याग दिया। वे रथ से उतरकर प्रेम में उमँगते हुए चले। निषादराज गुह ने अपना गाँव, जाति और नाम सुनाकर पृथ्वी पर माथा टेककर जोहार की॥4॥